थाना जंक्शन क्षेत्र के गांव फरौली में एक ग्रामीण की हत्या कर शव खंडहर में फेंक दिया गया। मृतक छह दिन से लापता था, इस संबंध में महिला सहित दो के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव फरौली में स्थित खंडहर में ग्रामीणों ने एक शव पड़े देखा। शव सड़-गल चुका था। बाद में शव की पहचान गांव के ही गोपाल (50) पुत्र मनोहर के रूप में हुई। वह पिछले छह दिनों से लापता चल रहा था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन वह नहीं मिला था। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और श्वान दस्ते व फोरेंसिक टीम ने भी मौके पहुंचकर जांच की।
शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। इस दौरान परिजनों ने जानकारी दी कि गोपाल को गांव का ही एक व्यक्ति और महिला छह दिन पहले घर से बुलाकर ले गए थे। उसके बाद से वह गायब थे। परिजनों की उन्हीं पर हत्या कर शव फेंकने की अंदेशा जताया। तहरीर पर पुलिस ने राहुल और एक महिला सोमवती के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। संवाद