ग्राम पंचायत सलेमपुर के खेल मैदान पर शुक्रवार को सलेमपुर चैंपियनशिप क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत दो लीग मुकाबले खेले गए। इसमें खोड़ा और सलेमपुर की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीते। आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया।
पहला मुकाबला गांव खोड़ा और पीहुरा की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर खोड़ा की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पीहुरा के बल्लेबाजों ने सधी हुई शुरुआत की, लेकिन खोड़ा के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए। निर्धारित 16 ओवर में पीहुरा की टीम नौ विकेट के नुकसान पर 111 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खोड़ा की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मात्र 12 ओवर में चार विकेट खोकर 112 रन बनाते हुए मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।
दिन का दूसरा लीग मुकाबला सलेमपुर और कछपुरा के बीच खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा। टॉस जीतकर कछपुरा की टीम ने पहले गेंदबाजी चुनी। सलेमपुर के ओपनर बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके और लगातार विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 16 ओवर भी नहीं खेल सकी और 14.5 ओवर में 102 रन पर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कछपुरा की टीम की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। अंत में कछपुरा की पूरी टीम 13.4 ओवर में 101 रन पर ऑलआउट हो गई। सलेमपुर ने यह रोमांचक मुकाबला मात्र एक रन से जीत लिया।
सलेमपुर की टीम से भोला चौधरी ने शानदार ऑलराउंडर खिलाड़ी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 15 गेंदों में ताबड़तोड़ 38 रन बनाए, वहीं 2.3 ओवर में तीन विकेट झटककर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट आयोजक ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रवि पहलवान एवं संजू द्वारा उन्हें शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के अंतर्गत 17 जनवरी को फिर दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला बढ़ार बनाम बरामई के बीच, जबकि दूसरा मुकाबला सादाबाद बनाम गढ़ी एवरन के मध्य होगा। यह चैंपियनशिप क्रिकेट टूर्नामेंट 26 जनवरी तक चलेगा, जिसमें क्षेत्र की कई टीमें भाग ले रही हैं।