चौबे वाले महादेव मंदिर पर डाक कांवड़ से जलाभिषेक करते कांवड़िया
- फोटो : संवाद
सावन के तीसरे सोमवार के मौके पर पूरा हाथरस जिला भगवान शिव की भक्ति में रंगा दिखाई दिया। सोमवार सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया, वहीं बिल्व पत्र, भांग, धतूरा, फल-फूल आदि सामग्री से पूजा की। कांवड़ियों ने गंगाजल से महादेव का अभिषेक किया।
सोमवार को सुबह से ही भक्त भोलेनाथ की भक्ति में डूबे नजर आए। दिन निकलने के साथ ही शहर के शिवालयों में पूजा का दौर शुरू हो गया। भक्तों ने बम भोले के जयकारों के साथ भोलेनाथ का दूध और गंगाजल से अभिषेक किया। सुबह से लेकर दोपहर तक मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। शाम को शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का मनोहारी शृंगार किया गया। कहीं बर्फ, कहीं पत्तियों, कहीं भांग और फूलों से भोलेनाथ का शृंगार किया गया।
कई मंदिरों में खीर, पूड़ी, हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। शहर के प्रमुख मंदिर चौबे वाले महादेव पर मेले का आयोजन किया गया। रेलवे फाटक वाले गोपेश्वर महादेव, सपरिया वाला मंदिर, गड्ढेश्वर महोदेव, भकाभेंड़ा महादेव, बाबुलनाथ महादेव, आगरा रोड स्थित चिंताहरण महादेव, कामेश्वर महादेव आदि मंदिरों में भी भगवान भोलेनाथ का भव्य शृंगार किया गया।