आगरा रोड पर जाम लगा रहे कांवड़ियों को समक्षाते पुलिस अधिकारी
- फोटो : संवाद
हाथरस के आगरा रोड स्थित पुलिस चौकी के सामने 4 अगस्त देर रात कांवड़ियों के साथ चल रहे बाइक सवार को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार घायल हो गया। गुस्साए कांवड़ियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर आगरा मार्ग पर जाम लगा दिया। देर रात तक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी कांवड़ियों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे थे।
4 अगस्त की देर रात कांवड़ियों का एक जत्था आगरा रोड से सादाबाद की ओर निकल रहा था। जैसे ही कांवड़िये आगरा रोड पुलिस चौकी के निकट पहुंचे। तभी उनके बाइक सवार साथी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कांवड़िया घायल हो गया। कांवड़ियों ने कार सवार लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। मारपीट में कांवड़ियों के साथी शिवनारायण चौहान, तनवीर, कौशल और राहुल चौहान निवासीगण गढ़ी नौकस थाना सादाबाद चोटिल हुए हैं।
गुस्साए कांवड़ियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आगरा रोड पुलिस चौकी के सामने जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि टक्कर मारने वाले कार सवार को पकड़ा जाए। बताया जाता है कि कार सवार शहर के अहियापुर का निवासी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। हंगामे की सूचना पर कई थानों का पुलिस बल, एएसपी अशोक कुमार और सीओ सिटी रामप्रवेश राय मौके पर पहुंच गए। देर रात तक जाम लगा हुआ था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कांवड़ियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे थे। कांवड़ियों की तरफ से तहरीर ली जा रही थी।