कानपुर और दिल्ली के बीच नई दैनिक ट्रेन सेवा का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस का सीधा लाभ हाथरस के यात्रियों को भी मिलेगा। यह ट्रेन हाथरस जंक्शन होकर गुजरेगी और क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली व कानपुर के लिए सीधी और सुगम रेल सुविधा उपलब्ध कराएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार दोपहर 3:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि 428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इसके मार्ग में फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद प्रमुख ठहराव वाले स्टेशन होंगे। हाथरस के लिए इस ट्रेन का विशेष महत्व है।
यहां के हींग प्रसंस्करण, पीतल के सामान और कृषि आधारित कारोबार से जुड़े व्यापारियों के साथ-साथ दिल्ली, अलीगढ़ और कानपुर आने-जाने वाले दैनिक व अन्य यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। इस ट्रेन के संचालन से हाथरस सहित मार्ग के अन्य शहरों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रेलवे के मुताबिक यह इस ट्रेन का औपचारिक शुभारंभ है, जबकि नियमित व्यावसायिक सेवा और समय-सारिणी की अधिसूचना जल्द ही जारी की जाएगी।