संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
रूदायन के एसबीबीएस हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने कई खेलों में जौहर दिखाए। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का श्रीगणेश मुनेश चतुर्वेदी ने फीता काटकर और मां सरस्वती के छवि चित्र पर माल्यार्पण कर किया। पहला मैच विवेकानंद एवं चंद्रशेखर हाउस के बीच खेला गया। आजाद हाउस की टीम 54- 27 के अंतर से जीत गई। अगले चक्र में आजाद हाउस की टीम की भिड़ंत सुभाषचंद्र बोस हाउस की टीम से हुई। यह मैच चंद्रशेखर टीम ने 71- 18 से जीता। अब फाइनल मुकाबला आजाद और विवेकानंद हाउस के बीच होगा। बालिका वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई हाउस एवं सरोजनी नायडू हाउस का मुकाबला हुआ। सरोजनी नायडू हाउस की टीम ने 57-39 से जीत दर्ज की। यह प्रतियोगिताएं लगातार तीन दिन तक चलेंगी। कार्यक्रम का संचालन मित्रेश चतुर्वेदी ने किया और रैफरी की भूमिका महेंद्र सिंह ने निभाई। प्रधानाचार्य विनय चतुर्वेदी, रमेश चंद्र उपाध्याय, रुकम पाल सिंह, जुगेंद्र यादव, विनय यादव, अशोक उपाध्याय, संजय जादौन, विक्रम सिंह आदि थे।