बेखौफ चोरों ने शनिवार देर रात शहर में एक और सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। आगरा रोड स्थित गेट बंद गणेश सिटी कॉलोनी में गिफ्ट कारोबारी के बंद घर के ताले चटकाकर 10 लाख रुपये के जेवर और 80 हजार रुपये की नकदी पार कर दी। सुबह घटना की जानकारी होने पर कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। पीड़ित ने कोतवाली में लिखित शिकायत की है।
मूल रूप से बुर्जवाला कुआं निवासी आशुतोष बंसल गिफ्ट का कारोबार करते हैं। वे पिछले तीन वर्षों से गणेश सिटी कॉलोनी में किराये के एक मकान में रह रहे हैं। यहीं पास में ही एक कॉलोनी में उनका मकान बन रहा है। शनिवार को उनकी पत्नी शहर में ही अपने मायके गईं हुईं थीं। स्वास्थ्य खराब होने के कारण रात को वे भी अपनी ससुराल में ही रुक गए। घर पर ताला लगा हुआ था। चोरों ने बंद घर देख ताले चटका दिए। मुख्य दरवाजे के बाद अंदर कमरे का ताला तोड़ा तथा इसके बाद पूरा घर खंगाल मारा।
बेड, अलमारी आदि में रखा सामान बिखेर दिया। बच्ची की गुल्लक भी तोड़ दी। आशुतोष के अनुसार चोर लगभग दस लाख रुपये के जेवरात व 80 हजार रुपये नकद ले गए। यही नहीं चोर गेट पर अपना ताला लगा गए तथा चाबी उसी में लगी छोड़ गए। परिवार ने बताया कि घर में बच्चों के स्नेक्स रखे हुए थे, उन्हें भी खा गए। इससे साफ है कि चोरों ने पूरी रेकी की थी और उन्हें पूरा यकीन था कि मकान मालिक सुबह तक नहीं आएंगे।
शहर में चौथी बड़ी घटना
चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गांव नहरोई में बंद घर से चोर लगभग 35 लाख रुपये के जेवर और ढाई लाख रुपये चोरी कर ले गए थे। वर्मा कॉलोनी में चिकित्सक के घर में चोर छत काटकर दाखिल हुए और माल साफ कर ले गए। इससे पहले वसुंधरा एन्क्लेव में दो घरों से लाखों रुपये का माल पार हुआ। जलेसर रोड पर सराफ की दुकान से चोरी हुई तिजोरी का भी आज तक कुछ पता नहीं चल सका है। सिकंदराराऊ में एटीएम काटने के प्रयास की घटना में भी पुलिस खाली हाथ है। इनमें से तीन घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हुआ है।
ताला लगे मकानों को बना रहे निशाना
हाल में हुई घटनाओं पर गौर करें तो चोर ताला लगे बंद मकानों को निशाना बना रहे हैं। चोर पहले से ऐसे बंद घरों की रेकी करते हैं। इसके बाद मौका देखकर उसे निशाना बना लेते हैं। इन दिनों हो रही चोरी की घटनाओं में भी यही तरीका सामने आ रहा है। हाल ही में जितने घरों में चोरी हुई है, उन सभी पर ताले लगे थे और परिवार वाले बाहर थे।
चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं हैं। जल्द ही गिरोह के सदस्य पुलिस गिरफ्त में होंगे।
-योगेंद्र कृष्ण नारायण, सीओ सिटी।