कांग्रेस नेता जयराम रमेश पत्रकारों से बातचीत करते हुए
- फोटो : संवाद
हमारे देश में दो लोकदल हैं, एक राष्ट्रीय लोकदल व एक असली लोकदल है। असली लोकदल के पोस्टरों, बैनरों में चौधरी चरण सिंह की फोटो लगी हुई है। यह बातें कांग्रेस के महासचिव वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने 25 फरवरी को पत्रकारों से कहीं। हाथरस के कुरसंडा में उन्होंने कहा कि आरएलडी इंडिया गठबंधन की चार बैठकों में मौजूद थी। पटना, मुंबई, बेंगलुरू व नई दिल्ली में आरएलडी के नेता मौजूद रहे। अब उनके नेता पर कुछ दबाव रहा होगा, तो वे एनडीए में शामिल हो गए। जयराम रमेश भारत जोड़ो यात्रा के साथ आए थे।
अब असली लोकदल इंडिया गठबंधन में है। कहा कि आरएलडी नकली पार्टी है। जम्मू कश्मीर व पश्चिम बंगाल में बातचीत चल रही है, जल्द ही गठबंधन को अंतिम रूप दिया जाएगा। ऐसे ही सवाल समाजवादी पार्टी को लेकर उठे थे, लेकिन गठबंधन हुआ। भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ा है। कर्नाटक व तेलगांना में जनादेश कांग्रेस के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा चुनावी यात्रा नहीं है बल्कि वैचारिक यात्रा है। पार्टी के संगठन को मजबूत किया जा रहा है।
जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी बातों को भूल गए हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के किसानों पर अत्याचार हो रहा है। कांग्रेस पार्टी स्पष्ट तरीके से एमएसपी को कानूनी दर्जा देने के समर्थन में है। जिसके आधार पर किसानों को एमएसपी देंगे। इसके लिए विधेयक पारित कराएंगे। फसल की लागत का डेढ़ गुना एमएसपी तय किया जाए। पहला कदम एमएसपी के लिए कानून बनाना है।