सुभाष गली में बगीची के अंदर घुसा पानी।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद में कई दिनों से आसमान में छा रहे बादल आखिरकार मंगलवार को बरस ही पड़े। करीब डेढ़ घंटे की मूसलाधार बारिश राहत के साथ आफत भी ले आई। बारिश के पानी से नाले नाली और पोखर उफन आए, जिससे कस्बे से लेकर ग्रामीण इलाकों में गली मोहल्लों और बाजारों के रास्ते जलमग्न हो गए। लोगों को आवागमन मेें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। किसानों को इस बारिश से काफी राहत मिली।
बारिश की वजह से कस्बे की सुभाष गली, जयंती भाई मार्ग, निरंजन बाजार, आगरा गेट, सब्जी मंडी, मथुरा रोड, डाकखाना रोड, इस्लाम नगर आदि कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। कई जगह पानी दुकानों में भरने से दुकानदारों को भी नुकसान झेलना पड़ा। कुछ जगहों पर बारिश का पानी घरों में घुस गया। जलभराव से कई जगह आवागमन ठप रहा। इसके अलावा गांव मई, बिसावर, कुरसंडा सहित कई ग्राम पंचायतों के मजरों में भी बारिश से हाल बेहाल रहा। कई कच्चे रास्ते दल दल में तब्दील हो गए। बारिश ने लोगों को परेशानी के साथ ही भीषण गर्मी से राहत प्रदान की। बारिश ने नगर की साफ सफाई व्यवस्था की भी पोल खोलकर रख दी। कई जगह नालों का पानी उफनने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिससे लोगों में आक्रोश दिखाई दिया। इधर, किसानों को इस बारिश से राहत मिल गई है। फसलों को इस बारिश से काफी लाभ होगा। इधर, बारिश की वजह से नगर और ग्रामीण इलाकों की बिजली भी विद्युत लाइनों में ब्रेकडाउन हो जाने की वजह से कई घंटे तक गुल रही।
सादाबाद के जयंतीभाई मार्ग पर जमा बारिश का पानी। - फोटो : SADABAD