मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने बृहस्पतिवार को सासनी और रूहेरी क्षेत्र के सरकारी और निजी खाद गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह खामियां मिलीं, जिस पर जिम्मेदारों को फटकार लगाई गई।
रूहेरी स्थित पीसीएफ के बफर गोदाम में 22.50 मीट्रिक टन यूरिया एक ट्रक में लोड हो रहा था। भंडार नायक जयप्रकाश से सीडीओ ने केंद्रवार उर्वरक आवंटन पत्र दिखाने के लिए कहा, जिसे वह नहीं दिखा सके। इस पर सीडीओ ने सहायक आयुक्त (सहकारिता) को निर्देश दिया कि बिना आवंटन पत्र के खाद का आवंटन न किया जाए। गोदाम के भंडार रजिस्टर में 2560.590 मीट्रिक टन यूरिया मिला। उन्होंने ठेकेदार को समय पर समितियों में खाद पहुंचाने और लोडिंग के समय बोरियों में हुक का प्रयोग न करने की हिदायत दी।
विक्रेता की लापरवाही और किसानों की शिकायतें
सासनी में निजी उर्वरक विक्रेता चंद्रमोहन अग्रवाल की दुकान पर उर्वरक भंडार और उसकी दरें अपडेट नहीं थीं, जिसे तत्काल अपडेट कराया गया। किसानों ने 270 रुपये प्रति बैग (श्रम शुल्क सहित) यूरिया दिए जाने की शिकायत की, जिस पर सीडीओ ने 266.50 रुपये प्रति बैग के हिसाब से यूरिया बेचने का निर्देश दिया। मौके पर मौजूद किसान गौरव शर्मा, मुकेश कुमार और हरेंद्र ने पॉश यंत्र का सर्वर ठप होने से खाद मिलने में देरी की शिकायत की। वहीं सीडीओ ने ड्रोन दीदी के जरिये नैनो यूरिया/डीएपी का फसलों में छिड़काव कराने के लिए किसानों को जागरूक करने का अधिकारियों को निर्देश दिया।