गोलियों से गेट और दीवार में हुआ छेद। संवाद
- फोटो : Samvad
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बिजलीघर में रविवार शाम साइकिल और बाइक की मामूली टक्कर ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। दो पक्षों में मारपीट के बाद जमकर फायरिंग की गई। आरोप है कि करीब 14 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।फायरिंग में घर के गेट और दीवारों में छेद हो गए, हालांकि परिवार के लोग बाल-बाल बच गए।
जमकर मारपीट हो गई, जिसमें दोनों ओर से दो लोग घायल हो गए। दोनों के सिर फट गए। घायलों को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। रविवार शाम करीब पांच बजे मोहल्ला बिजलीघर निवासी श्रीनिवास साइकिल से घर जा रहे थे। इस दौरान पीछे से आए बृजेश और महेंद्र की बाइक उनकी साइकिल से टकरा गई। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। मारपीट में श्रीनिवास और बृजेश के सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेजा। इस बीच रात करीब 12:30 बजे दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा कथित रूप से प्रार्थी श्रीनिवास के घर पर फायरिंग की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से कारतूस के दो खाली खोखा बरामद किए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।