लोगों को मूलभूत सुविधाएं कराएं उपलब्ध
14 वें वित्त आयोग के कामों की समीक्षा में डीएम ने दिए चेयरमैन, ईओ को निर्देश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। नगर पंचायत सादाबाद, मुरसान, सासनी और पुरदिलनगर में 14वें वित्त निधि से कराए जाने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव और वसूली के सिलसिले में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने नगर निकायों को निर्देश दिए कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डीएम ने सभी चेयरमैन और ईओ को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष वसूली करने के निर्देश दिए। सभी ईओ को मूलभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पानी तथा प्रकाश के उचित प्रबंध कराने के निर्देश दिए। नगर पंचायत क्षेत्रों में किए जाने वाले निर्माण कार्यों की जांच लोक निर्माण विभाग को करने के निर्देश दिए।
सभी ईओ को पूर्व में लगाई गईं स्ट्रीट लाइट और नई लगाई जाने वाली स्ट्रीट लाइट की पंजिका तैयार करते हुए एडीएम के समक्ष उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो समान क्रय किया जाए, वह जैम पोर्टल के माध्यम से क्रय किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने चेयरमैन सादाबाद को वार्ड नंबर सात में बिजली और पानी की व्यवस्था ठीक कराने के निर्देश दिए। एडीएम डॉ. अशोक कुमार शुक्ला, एक्सईएन जल निगम, चेयरमैन, ईओ, सचिन उपाध्याय आदि थे।