उद्यमियों ने एक माह का बकाया रखा तो कटेगी बिजली
बिजली महकमे ने बनाई औद्योगिक इकाइयों की सूची, होगी बिजली गुल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। उद्योग वालों ने एक माह का बकाया रखा तो बिजली कट का झटका लगेगा। बिजली महकमे ने बकाया वाली औद्योगिक इकाइयों की सूची बना ली है। जल्द टीमें इनके कनेक्शन काटने के लिए पहुंचेगी।
उल्लेखनीय बिजली महकमे का शहर से देहात तक करोड़ों रुपये का बकाया पड़ा हुआ है। अब बिजली महकमे के रडार पर आम बकाएदारों के बाद औद्योगिक इकाइयां हैं। महकमे ने एक माह का बिजली का बिल रखने वाली औद्योगिक इकाइयों की सूची तैयार कर ली है। टीम द्वारा कल-कारखानों की बिजली काटने की योजना तैयार कर ली गई है।
एसडीओ को बकाया वाली औद्योगिक इकाइयाें की सूची थमाने के बाद हर हालत में बकाया लाने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में एक्सईएन सुभाष चंद्रा का कहना है कि आम बकाएदारों के लिए हर रोज चेकिंग अभियान चल रहा है। जिन उद्योगों पर एक माह का बकाया है, उनका भी कनेक्शन काटने के निर्देश जेई एसडीओ को दिए गए हैं।