भारत सरकार की टीम ने सादाबाद में किया कोटे की दुकानों का सर्वे, मची खलबली
कार्डधारकों से की बातचीत, राशन वितरण व्यवस्था को किया चैक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। दिल्ली से आई भारत सरकार की सर्वे टीम ने बुधवार को सादाबाद के गांव रसीदपुर और शेरपुर में राशन सामग्री की दुकानों का सर्वे किया। टीम ने दोनों ही गांवों में राशन सामग्री के वितरण की व्यवस्था को चैक किया और वितरण को लेकर कार्ड धारकों से भी बातचीत की। टीम के आने से अन्य राशन डीलरों में भी खलबली मची रही।
सर्वे टीम में शामिल अंकिता गुप्ता और विजय कुमार ने राशन सामग्री की दुकानों की कई बिंदुओं पर जांच की। टीम के सदस्यों ने कार्डधारकों से पूछा कि राशन सामग्री की जगह पैसा खातों में ट्रांसफर कर दिया जाए तो कार्डधारकों ने इस पर अपनी असहमति जताई और राशन के बदले पैसा लेने से साफ इंकार कर दिया। टीम ने राशन वितरण व्यवस्था को बारीकी से चैक किया, लेकिन मौके पर सब ठीक मिला। टीम के सदस्यों ने कार्ड धारकों को बताया कि जिन कार्ड धारकों के पास बिजली कनेक्शन और गैस कनेक्शन हैं, उन्हें अब केरोसिन नहीं दिया जाएगा।
इस दौरान राशन डीलरों ने भी अपनी समस्या टीम के सदस्यों के सामने रखी। दुकानदारों ने कमीशन बढ़ाने और डोर स्टेप डिलीवरी चालू किए जाने की मांग की। इस मौके पर पूर्ति निरीक्षक यतीशचंद्र गुप्ता, लिपिक दर्शन कुमार, राशन डीलर दिलीप कुमार, रामवीर सिंह आदि मौजूद थे।