मौसम में हो रहे बदलाव के कारण बुखार के साथ पेट दर्द और उल्टी-दस्त के मरीज बढ़ रहे हैं। बागला जिला अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी में प्रतिदिन इन बीमारियों से पीड़ित 150 से 200 मरीज पहुंच रहे हैं। जिन मरीजों को भर्ती करने की आवश्यकता है, उन्हें भर्ती किया जा रहा है।
बागला जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को करीब 1550 मरीज पहुंच पहुंचे। इनमें करीब 150 मरीज पेट दर्द, उल्टी-दस्त से पीड़ित थे। ओपीडी में चिकित्सक के कक्ष के बाहर मरीजों की कतार लगी रही। चिकित्सक ने सभी मरीजों को देखा और उन्हें दवा दी। चिकित्सक बदलते मौसम में लोगों को दूषित खान-पान से बचाव की सलाह दे रहे हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि एकाएक पेट दर्द, उल्टी और दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है। सभी मरीजों को दवा देने के साथ ही खान-पान को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।