रंग फैक्ट्री पर पहुंची इनकम टैक्स की टीम
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस के दो ब्रान्डेड रंग कारोबारियों की फैक्ट्रियों पर इनकम टैक्स की टीमें पहुंची। इंकम टैक्स की टीमें पहुंचने से आस-पास की फैक्ट्रियों में भी हड़कंप मच गया। इनकम टैक्स का यह रूटीन सर्वे है या छापेमारी, इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि पूरे प्रदेश में 126 जगहों पर छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।
हाथरस के जाने-माने दो रंग कारोबारियों की हसायन कोतवाली क्षेत्र के कांच स्थिति सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में रंग फैक्ट्रियों पर सुबह सात बजे इनकम टैक्स की टीम पहुंची। टीम ने फैक्ट्रियों के अंदर-बाहर आवाजाही को रोक दिया। बताया जा रहा है कि इनकम टैक्स की टीम फैक्ट्रियों में कागजात खंगाल रही है और पूछताछ में जुटी है।
इन दोनों रंग कारोबारियों की हसायन के सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र और हाथरस में रंग की फैक्ट्रियां हैं। इनकम टैक्स की टीम कारोबारियों की फैक्ट्रियों और आवास पर पहुंची हैं। इनकम टैक्स की टीम कई वाहनों में हैं। इनकम टैक्स का यह रूटीन सर्वे है या छापेमारी है, इस बारे में टीम ने कुछ नहीं बताया। दोनों रंग कारोबारियों के यहां इनकम टैक्स टीम पहुंचने से सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित अन्य फैक्ट्री संस्थानों में हडकंप मचा हुआ है।