दो बाइकों, तमंचा सहित दो शातिर युवक गिरफ्तार
चंदपा क्षेत्र में अवागढ़ के युवक से बाइक, नकदी लूट की घटना कबूली
मथुरा जिले से चोरी की गई एक अन्य बाइक भी बरामद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
हसायन (हाथरस)। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की शाम करीब सवा चार बजे कानऊ मोड़ गड़ौला मार्ग पर लूट और चोरी की दो बाइकों और तमंचा सहित दो शातिर युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार को कोतवाली परिसर में कोतवाल जगदीशचंद्र ने बताया कि जब वह शुक्रवार को गश्त पर थे। तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कानऊ मोड़ के निकट गड़ौला मार्ग पर दो बाइक सवार लूट और चोरी की बाइक लेकर आ रहे हैं। उन्होंने एसआई रामाधार यादव, अनुराग कुमार, अनुराग सिंह, राहुल कुमार, तरुण कुमार के साथ पहुंचकर दो बाइक सवारों को रोककर कागजात मांगे तो दोनों कागजात नहीं दिख सके।
पूछताछ में दोनों शातिर युवकों ने अपनी बाइकों को लूट व चोरी की बाइक बताया। दोनों ने अपने नाम कप्तान पुत्र कुंवरपाल निवासी बाण और सुखवीर पुत्र बैनीराम निवासी पुन्हेरा कोतवाली जलेसर एटा बताया। कोतवाल ने बताया कि दोनों ने 17 जून को चंदपा कोतवाली क्षेत्र से अवागढ़ (एटा) के एक युवक से बाइक, नकदी और मोबाइल फोन छीन था, जबकि दूसरी बाइक को उन्होंने मथुरा जनपद से चोरी किया था।
एसएचओ ने बताया कि दोनों शातिर युवकों की तलाशी के दौरान दो तमंचा और चार कारतूस भी बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। शनिवार को चंदपा कोतवाली के उपनिरीक्षक और एक मुंशी कोतवाली हसायन थाने पहुंचे। लूट की बाइक सहित दबोचे गए शातिर कप्तान और सुखवीर सिंह से पूछताछ की।