पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर बैठक करते आईजी दीपक कुमार। संवाद
बृहस्पतिवार को बिटिया प्रकरण में आने वाले फैसले के मद्देनजर पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क है। आईजी अलीगढ़ दीपक कुमार ने बुधवार को हाथरस पहुंचकर एसपी व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में अशांति नहीं फैलनी चाहिए।
इधर, इस फैसले के बाद हालात न बिगड़े, इसे लेकर खुफिया तंत्र की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों को चिन्हित भी कर लिया है। बृहस्पतिवार को अन्य जिलों की पुलिस व पीएसी के भी यहां आने की संभावना है। इससे पहले बुधवार को भी कोर्ट परिसर में काफी पुलिस फोर्स तैनात रही।
बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में बृहस्पतिवार को यहां जिला न्यायालय में विशेष न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट) द्वारा फैसला सुनाया जाएगा। इसे लेकर आला अधिकारी भी चौकन्ने हैं। आईजी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी सूरत में हालात नहीं बिगड़ने चाहिए। ऐसे लोगों को पहले से चिन्हित कर लिया जाए, जिनसे हालात बिगड़ने की आशंका हो।
आईजी ने बैठक में होली और अन्य त्योहार को लेकर भी चर्चा की लेकिन उनके आने का मुख्य मकसद इस कांड के संंभावित फैसले के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम देखना था। वहीं खुफिया तंत्र ऐसे लोगों पर पैनी नजर रखे हुए है, जो माहौल खराब कर सकते हैं। इस कांड के दौरान हुई राजनीतिक गतिविधियों में शामिल स्थानीय नेताओं के बारे में जानकारी की गई, वह इस समय कहा है।
इसे लेकर खुफिया तंत्र टोह लेता रहा। बृहस्पतिवार को अन्य स्थानों का फोर्स भी जिले में तैनात रहेगा। पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय का कहना है कि पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंंतजाम किए हैं। किसी को भी शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।