संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
इस वित्तीय वर्ष में जनपद के 4313 नए वृद्ध पेंशन से जोड़े गए हैं। समाज कल्याण विभाग की टीम इन सभी को आधार कार्ड से जोड़ने के लिए घर - घर सत्यापन कर रही है। जिले में 23751 लाभार्थियों का आधार सत्यापन कर लिया गया है। अब तक जिले में पेंशन का लाभ 36013 वृद्ध को दिया जा रहा है। वहीं अब तक 12262 पेंशनार्थियों ने ई केवाईसी नहीं कराई है।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आधार प्रमाणीकरण का कार्य कराने से लाभार्थियों को पेंशन की धनराशि मिलने में सुविधा होगी। लाभार्थियों के बैंक आधार सीडिंग खाते में धनराशि भेजी जाएगी। आधार के जरिए केवाईसी होने पर ही बैंक का खाता और आईएफएससी कोड में परिवर्तन होने पर लाभार्थियों को पेंशन की धनराशि मिलने में आसानी होगी।
लगभग 4804 लाभार्थियों के खाते में धनराशि हस्तांतरित कर दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सरिता ने बताया कि सभी लाभार्थी जल्द से जल्द अपनी पेंशन की ई केवाईसी करा लें, जिससे कि पेंशन में किसी भी प्रकार की कोई रुकावट न आ सके।