सासनी में चोरी के बाद स्थानीय लोगों से पूछताछ करते पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : samvad
हड़ौली के माता मंदिर से अज्ञात चोर शुक्रवार की देर रात तीन मूर्तियां, पीतल के तीन घंटे और कलश ले गए। सुबह जब भक्त मंदिर पर पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे तो मूर्तियों को न देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना पाकर सैकड़ों ग्रामीण मंदिर पर पहुंच गए और कोतवाली पुलिस को बुलाया। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शुक्रवार देर रात हड़ौली माता मंदिर पर विराजमान भगवान गणेश, भोले शंकर एवं मां शेरावाली की मूर्तियां, तीन पीतल के घंटे और कलश चोरी हो गए। सुबह जब कुछ ग्रामीण मंदिर पर पूजा करने के लिए गए तो वहां मूर्तियों को न देखकर उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और चोरों की तलाश में जुट गई। चोरी की तहरीर गजेंद्र सिंह सोलंकी ने दी है, जिस पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार का कहना है कि सूचना पर गांव के माता मंदिर पर जांच की गई है चोरों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।