हाथरस। जिलाधिकारी शमीम अहमद खान ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत 22 जनवरी से 28 जनवरी तक चलने बाले विशेष स्वच्छता अभियान के संबंध में कलक्ट्रेट से आठ स्वच्छता रथ/आडियो विजुअल प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम के आह्वान पर राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट में मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। डीएम ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जन्म सदी के अवसर पर गांधी जी के स्वच्छता के सपने को साकार कर देश को खुले में शौच मुक्त करना है। उन्होंने कहा कि इस मकसद को पाने के लिये अभियान की सफलता के लिए जागरूकता सहभागिता के आधार पर घरों, सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, अस्पतालों, गलियों, सड़कों, बाजारों, रेलवे स्टेशन बस स्टैंड, स्मारक, नदी, तालाब, पार्क एवं सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कराई जाएगी। अभियान की सफलता के लिए सरकारी, निजी उपक्रमों, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों, ग्रामीण एवं स्थानीय निकाय, स्वयं सहायता समूह, उद्योग एवं व्यापारिक एसोसिएशन द्वारा सहयोग देने की अपील की। इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी जगदीश राम गौतम, सीडीओ जावेद अख्तर जैदी, एडीएम डीपी सिंह, परियोजना निदेशक चंद्रशेखर शुक्ला, एसडीएम सदर केहरी सिंह, वैभव मिश्रा, केपी सिंह तोमर, डीआईओ यतीश चंद्र गुप्ता, जिला आबकारी अधिकारी हुकम सिंह, डीएसओ सुनील सिंह, परियोजना समन्वयक योगेश सारस्वत आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। ---------