हाथरस। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। अब नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत किशोरियों को एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमा वायरस) वैक्सीन लगाई जाएगी। इस पहल से जिले की हजारों किशोरियों को इस खतरनाक कैंसर से सुरक्षा कवच मिल सकेगा।
इससे पहले छह महीने के ट्रायल फेज में जिले की 19084 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई थी। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी किशोरी पर वैक्सीन का कोई नकारात्मक प्रभाव सामने नहीं आया। टीकाकरण अभियान के प्रति जागरूकता और बेहतर क्रियान्वयन के मामले में हाथरस जिला इससे पहले प्रदेश में तीसरे स्थान पर रह चुका है।
इसी प्रशासनिक और स्वास्थ्यगत क्षमता को आगे बढ़ाते हुए अब नियमित टीकाकरण अभियान के तहत 4,300 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिनमें से करीब 300 किशोरियों को नियमित टीकाकरण सत्र में वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
डिप्टी सीएमओ डाॅ. एमआई आलम ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किशोरियों को वैक्सीन आवश्यक है, इसलिए आशा व एएनएम के जरिये लोगों को घर-घर जागकर जागरूक किया जा रहा है। योजना है कि दिसबंर तक चार हजार का लक्ष्य पूरा कर लिया जाए। शत-प्रतिशत टीकाकरण से सर्वाइकल कैंसर के मामलों पर रोक लगाई जा सकेगी।