पंत चौराहे पर सवारियां चढ़ातीं-उतारतीं रोडवेज बस। संवाद
- फोटो : Samvad
क्षेत्र में 40 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अब बस स्टैंड निर्माण की उम्मीद बढ़ गई है। राजकीय कृषि फार्म रतनपुर की एक हेक्टेयर साढ़े 12 बीघा जमीन बस स्टैंड के लिए मंजूर हो गई है। कृषि विभाग ने इसके लिए एनओसी भी जारी कर दी है।
सन 1980 से लेकर अब तक विभिन्न सरकारों के कार्यकाल में भी बस स्टैंड का निर्माण नहीं हो पाया। यह मामला भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया था। अब धान की फसल कटने के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू होने की संभावना है। रतनपुर कृषि फार्म शहर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित है। इससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी और अतिरिक्त खर्च का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि, यह स्थल गांव सराय ओवर ब्रिज के नजदीक है। इससे अलीगढ़ की तरफ से आने-जाने वाली बसों को बस स्टैंड में प्रवेश करने में आसानी होगी। रतनपुर कृषि फार्म प्रभारी गिरीश बाबू ने बताया कि जिला कृषि विभाग ने प्लॉट नंबर 6,7,8 को अधिग्रहण के लिए स्वीकृत किया है। विभाग ने इसकी एनओसी भी जारी कर दी है। हाथरस के डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि बस स्टैंड के लिए जगह का अंतिम चयन हो चुका है। जमीन खाली होते ही निर्माण का प्रस्ताव लखनऊ भेजा जाएगा। वहां से निर्माण के अनुसार बजट जारी होगा और निर्माण दायी संस्था कार्य प्रारंभ कर देगी। शहर से दूरी के कारण यात्रियों को ऑटो टिर्री जैसे वाहनों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
बस स्टैंड तक शीघ्र बढ़ेगी आबादी
विधायक वीरेंद्र सिंह राना ने बताया कि भाजपा ने जनता की सुविधा के लिए यह जगह तलाशी है। शहर के नजदीक कोई उपयुक्त जगह काफी प्रयासों के बाद भी नहीं मिल पाई। उन्होंने यह भी बताया कि अलीगढ़ जीटी रोड पर शहर की आबादी लगातार बढ़ रही है। शीघ्र ही बस स्टैंड तक आबादी विकसित हो जाएगी।