हाथरस। पीसी बागला महाविद्यालय में उ.प्र. भारत स्काउट गाइड के तत्वावधान में चल रहे पांच दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन शुक्रवार को हो गया। समापन के मौके पर कॉलेज सभागार में स्काउट गाइड्स ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महाविद्यालय समिति के सचिव प्रदीप बागला और प्राचार्य डॉ. आरके शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। स्काउट गाइड्स ने बेटी बचाओ, धूम्रपान छोड़ने सहित अन्य कई विषयों पर जागरूक नाटकों का मंचन किया। देशभक्ति गीत गाकर संमा बांध दिया। दिल है छोटा सा छोटी सी आशा, चांद तारों को छूने की आशा गीत ने दिल जीत लिया। बृज गीतों पर छात्राओं ने नृत्य कर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की। प्राचार्य ने कहा कि स्काउटिंग से अनुशासन की सीख मिलती है। बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. रमा शर्मा, डॉ. केएन त्रिपाठी, डॉ. सुनंदा महाजन, डॉ. सीएस रावल, डॉ. डीके सिंह ने भी अपने विचार रखे। संचालन डॉ. विमलेश व डॉ. डीके दीक्षित संयुक्त रूप से किया। डीओसी रवेन्द्र शर्मा ने परिणाम घोषित किया। स्काउट वर्ग में टोली नंबर सात को प्रथम स्थान, टोली नंबर दस को द्वितीय स्थान, टोली नंबर नौ को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। गाइड्स वर्ग में टोली नंबर पांच ने प्रथम, टोली नंबर छह ने द्वितीय और टोली नंबर चार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन ध्वज अवतरण कर राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस मौके पर कॉलेज के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।