बिना हैलमेट के पेट्रोल डलवाते बाइक सवार।
- फोटो : amar ujala
पेट्रोल पंप संचालकों ने डीएम के आदेश हवा में उड़ा दिए हैं। बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने के आदेश का जरा भी पालन नहीं किया जा रहा। डीएम ने बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने के आदेश दिए थे और पेट्रोल पंप संचालकों को कड़ाई से इसके अनुपालन को कहा था।
डीएम अविनाशकृष्ण सिंह के आदेश का अनुपालन नहीं करने के बारे में जब पेट्रोल पंप संचालकों से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हाथरस जैसे छोटे शहर में ऐसा मुमकिन नहीं है। हेलमेट को अनिवार्य करने के और भी तरीके हो सकते हैं। दूसरी समस्या यह भी है कि पेट्रोल पंप संचालकों में इसे लेकर अभी तक एकराय नहीं बन सकी है।
अगर एक संचालक बाइक सवार को हेलमेट नहीं होने पर पेट्रोल देने से मना कर देगा तो दूसरा पंप उसे पेट्रोल दे देगा। इससे कोई नतीजा नहीं निकलने वाला। एक अन्य संचालक ने भी नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि हेलमेट को लेकर लोगों को जागरूक करना ही इस समस्या का हल है।
मालूम हो कि 24 सितंबर को डीएम के आदेश के बाद जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव ने जिले के समस्त पेट्रोल पंप, रिटेल आउटलेट स्वामियों को निर्देश दिये थे कि उनके द्वारा अपने पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल नहीं दिया जाए। सभी पेट्रोल पंप मालिकों को शासन के आदेशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया था।
डीएम ने कहा था कि बीते कुछ दिनों में बिना हेलमेट दोपहिया चालकों की मौतों से जुड़े कई हादसों के सामने आने के बाद हेलमेट को अनिवार्य किए जाने के इस तरीके के बारे में गंभीरता से विचार किया जा रहा था।