सासनी। उच्च प्राथमिक विद्यालय मिरगामई में मिड-डे-मील के भोजन में छिपकली निकलने के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। तहसील प्रशासन की रिपोर्ट पर डीएम ने प्रधानाध्यापिका को निलंबित करने, अन्य शिक्षकों का वेतन रोकने, एमडीएम बांटने वाली संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिया है। रसोइया को भी तत्काल प्रभाव से हटाने को कहा गया है। बीएसए ने प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है, जिससे बेसिक शिक्षा विभाग में खलबली मच गई है।
दरअसल, उच्च प्राथमिक विद्यालय मिरगामई में बच्चों को बांटे जा रहे मिड-डे-मील में छिपकली निकल आई थी, जिससे प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों में खलबली मच गई। इंचार्ज बीएसए अखलेश यादव, क्षेत्रीय एबीएसए पवन कुमारी एवं तहसीलदार प्रवीण कुमार शर्मा खाद्य विभाग की टीम के साथ विद्यालय पहुंच गए थे। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिड-डे-मील के नमूने सील कर परीक्षण के लिए भेजे थे। शिक्षा विभाग और प्रशासन के अधिकारी देर रात तक पूरे हालात पर नजर जमाए रहे थे।
हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई थी, लेकिन तहसीलदार ने एसडीएम के माध्यम से तथा इंचार्ज बीएसए ने अपनी बिंदुवार आख्या डीएम को भेजी थी। इसका संज्ञान लेते हुए डीएम ने बीएसए को निर्देश जारी किए हैं। इस आधार पर बीएसए ने प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई से विभागीय अधिकारियों में खलबली मच गई है। इस बारे में प्रभारी बीएसए अखिलेश यादव से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल अटैंड नहीं हुआ।