जीटी रोड स्थित नगला लाला के एक मकान में शनिवार की सुबह 50 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक के मुंह से झाग निकल रहे थे। सीएचसी ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
मूल रूप से एटा जिले के मारहरा थाना क्षेत्र के गांव बेरी कांतोर निवासी अनिल उर्फ देवेंद्र (50 वर्ष) पुत्र कप्तान सिंह वर्तमान में नगला लाला जीटी रोड स्थित एक मकान में रह रहा था। दो दिन पूर्व वह बाहर से मकान में आया था। शनिवार की सुबह 112 नंबर पर पुलिस को सूचना मिली कि मकान में एक युवक बेहोश पड़ा है और उसके मुंह से झाग निकल रहे हैं। पुलिस उसे सीएचसी ले गई।
वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद