न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)।
कोतवाली पुलिस ने लापता हुए दो नाबालिग दोस्तों को 24 घंटे में मथुरा जिले के गोवर्धन के रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया और उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
कोतवाली प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि गांव सेंदरिया निवासी चंद्रपाल सिंह पुत्र भूरी सिंह ने 29 सितंबर को पुलिस को सूचना दी कि उनका पुत्र सनी (उम्र करीब 17 वर्ष) और धर्मेंद्र कुमार पुत्र घनश्याम (उम्र करीब 16 वर्ष) घर से बाल कटवाने की कहकर कहीं चले गए हैं और अभी तक नहीं लौटे हैं। सभी रिश्तेदारों व संभावित स्थानों पर तलाश करने के उपरांत भी वह नहीं मिले हैं। सूचना पर थाना सहपऊ पुलिस द्वारा लिखित तहरीर के आधार पर थाना सहपऊ में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय ने इन दोनों बच्चों की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए थे। इस क्रम में थानाध्यक्ष और विवेचक ने बच्चों की फोटो को लेकर आसपास के ग्राम और मोहल्लों में ले जाकर लोगों से उनके बारे में पूछताछ की। बस स्टैंड, ढाबों व बाजार में भी पता किया गया औश्र आसपास के अन्य जिलों के थानों में भी फोन से अवगत कराया गया। बच्चे की फोटो विभिन्न व्हाटसएप्प ग्रुप में प्रसारित की गई।
पुलिस ने 30 सितंबर को मात्र 24 घंटे में रेलवे स्टेशन गोवर्धन से इन दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों ने पूछताछ में बताया कि वह दोनों घनिष्ठ मित्र हैं और काम करने के लिए गोवर्धन आए थे। वहां काम नहीं मिला था और पैसे न होने के कारण वह रेलवे स्टेशन गोवर्धन पर बैठे हुए थे। संवाद