अशोक वार्ष्णेय
सादाबाद। हाथरस जिले में कोरोना की चेन तोड़ने को युवाओं ने जिले की सरहदें तोड़ दी। जागरूकता की अलख जगाते हुए वह सरहद को लांघ गए। हाथरस जिले में अभी तक 18 प्लस का टीका न लगने पर दूसरे जिले में जाकर टीका लगवा लिया। अब दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण हर उम्र वालों को अपने शिकंजे में जकड़ रहा है। इससे बचाव टीके से ही हो सकता है। इस बात को अच्छी तरह से समझने वाली नई युवा पीढ़ी ने गजब की मिशाल पेश की है। जिले में अभी तक 18 प्लस वालों को टीका लगने की शुरूआत नहीं हुई है, ऐसे में कस्बा बिसावर व उसके आसपास के गांव मजरों के युवाओं ने कोविड पोर्टल पर टीके के लिए पंजीकरण करते समय वैक्सीनेशन सेंटर में बल्देव, मथुरा, खं्दौली, आगरा के विकल्प भरे।
वहां से ओके हो जाने पर जाकर निर्धारित तारीख व समय पर टीका लगवा लिया। इससे वह खुद कोरोना से सुरक्षित हो गए और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। शुक्रवार को बिसावर के कई युवाओं ने निकट के मथुरा जिले की बल्देव ब्लाक की सीएचसी पर पहुंचकर टीका लगवाया। संवाद
इन्होंने पेश की मिसाल
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगवाया है। हमारे हाथरस जिले में 18 प्लस की शुरूआत नहीं हुई है, इसलिए खंदौली की सीएचसी पर टीकाकरण कराया है। अन्य युवाओं को टीका अवश्य लगवाना चाहिए। टीके को लेकर जो भ्रांतियां हैं, वह पूरी तरह से गलत हैं।
चरित्रवीर सिंह, गांव पचावरी
मैं यह अच्छी तरह से समझ चुका हूं कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण अति आवश्यक है। इसलिए पड़ोसी जिले की सीएचसी पर टीका लगवाया है। यह टीका पूर्ण रूप से सुरक्षित है। सभी युवाओं से गुजारिश करता हूं कि वह सभी टीकाकरण अवश्य कराएं।
राहुल चौधरी, बिसावर
जिले में भी 18 प्लस टीकाकरण जल्द शुरू होना चाहिए, जिससे कि जिले में ही युवाओं को टीकाकरण की सुविधा मिल सके। जिन्होंने टीका लगवा लिया है वह पूरी तरह से स्वस्थ्य हैं। सभी युवाओं को टीका अवश्य लगवाना चाहिए।
मनीष कुमार, बिसावर
कोरोना के टीके से शरीर में एंटीबॉडी बन जाती है, जिस वजह से कोरोना संक्रमण से बचाव किया जा सकता है। इसलिए संक्रमण से बचाव के लिए पड़ोसी जिले आगरा की खंदौली सीएचसी पर टीका लगवा लिया है।
प्रमोद कुमार, बिसावर
टीका यूपी में कहीं भी लगवाया जा सकता है। गाइड लाइन के अनुसार यह गलत नहीं है। युवाओं ने ऐसा करके जागरूकता का संदेश दिया है। जिले में एक जून से 18 प्लस टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा, इसलिए जिले के सभी युवा अपना वैक्सीनेशन कराएं। डॉ विजेंद्र सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, हाथरस।