न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के मोहल्ला नाई नगला निवासी एक युवक ने घर में निकले सांप को पकड़ लिया। छोड़ने ले जाने के दौरान सांप ने युवक को तीन बार डस लिया। उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
कोतवाली सदर इलाके के मोहल्ला नाई का नगला निवासी अमजद खां पुत्र बन्ने खां सोमवार की रात घर पर बैठा हुआ था। इसी बीच पड़ोसी के घर में सांप निकल आया। शोर सुनकर वह मौके पर पहुंच गया। अमजद ने बहादुरी दिखाते हुए कहा कि सांप को मैं पकड़ कर लाता हूं।
युवक सांप को पकड़कर छोड़ने जा रहा था, इसी बीच सांप ने उसे तीन बार डस लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। यह देख उसके परिवार के लोग घबरा गए और उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर दिया गया। जहां पर उसका उपचार जारी है। इधर, चंदपा क्षेत्र के गांव केवलगढ़ी निवासी चंद्रवती पत्नी रामेश्वर को मंगलवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे सांप ने डस लिया। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर महिला को उपचार दिया गया। अब महिला की स्थिति नियंत्रण में है। संवाद