हाथरस: करंट से युवक की मौत पर विलाप करते परिवार वालों को संभालते लोग।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला उम्मेद स्थित स्टील की फैक्टरी में काम करने वक्त करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजन भी फैक्टरी पहुंच गए और जमकर हंगामा काटा। काफी देर तक हंगामा होने के बाद सासनी तहसीलदार व कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने फैैक्टरी स्वामी पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
निकटवर्ती गांव रुहेरी निवासी तेजवीर सिंह का बेटा कन्हैया (18 वर्ष) नगला उम्मेद स्थित टालीवाल ब्रादर्स के नाम की फैक्टरी में काम करता था। यह फैक्टरी बसंत बाग निवासी मनोज टालीवाल की है। बुधवार को कन्हैया फैक्टरी में काम कर रहा था। इस बीच वहां पर पड़े बिजली के तार से कन्हैया को करंट लग गया, जिससे वह बेहोश हो गया। हादसे के बाद बेहोश किशोर को उसके साथ के मजदूर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इसकी जानकारी होने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल आ गए और फिर शव लेकर फैक्टरी पहुंच गए और यहां पर फैक्टरी स्वामी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। वहां काफी शोर-गुल हुआ और हाथापाई की नौबत आ गई। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इधर जैसे ही जानकारी मिली फैक्टरी पर तहसीलदार सासनी निधि भारद्वाज, जिला पंचायत सदस्य रामेश्वर उपाध्याय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेशचंद्र ठेनुआं, सासनी ब्लॉक प्रमुख भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान परिजनों ने फैक्टरी के अंदर शव रखकर जमकर हंगामा काटा। पुलिस व मृतक के परिजनों के बीच भी तीखी झड़पें गई। बाद में पुलिस ने जैसे-तैसे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। वहीं इस मामले में कुछ लोग सुलह कराने में भी लगे हुए थे।
टॉलीवाल ब्रादर्स स्टील की फैक्टरी में करंट से मजदूर की मौत हुई है। इस मामले में अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-मनोज कुमार शर्मा, एसएचओ कोतवाली हाथरस गेट।