न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)।
कोतवाली क्षेत्र के गांव तामसी में भतीजी की शादी में शामिल होने आई एक महिला का शव शुक्रवार को गांव की ओर आने वाली सड़क के किनारे पड़ा मिला। शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई। महिला की शिनाख्त 55 वर्षीय मोहरश्री पत्नी रमेशचंद्र निवासी सपेरा भानपुर थाना हरदुआगंज जिला अलीगढ़ के रूप में हुई।
महिला अपने भाई सत्यप्रकाश की पुत्री पूजा की शुक्रवार को होने वाली शादी में शामिल होने के लिए आई थी। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। सूचना पर उसके परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और उसके शव को गांव ले जाने की तैयारी कर रहे थे।
महिला की मौत संदेह के घेरे में है। महिला अपने गांव से किस वाहन से गांव के पास तक पहुंची और उसकी मौत किस प्रकार हुई। पुलिस भी इस मामले से अनभिज्ञ बनी हुई है। प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सत्यप्रकाश का कहना है पुलिस के पास अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।