न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला बरी में संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। शव के अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान में पहुंचे मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा करते हुए हत्या का आरोप लगाया। यहां पुलिस आ गई। मायके के लोगों ने जलती चिता से शव के अवशेष अपने कब्जे में ले लिए और फिर उनको लेकर एसपी दफ्तर जाने लगे। मथुरा रोड हतीसा के निकट पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोका तो हंगामा हो गया। सीओ सदर व काफी पुलिस बल भी वहां पहुंच गया। गुस्साए लोगों को शांत कराकर पुलिस ने अधजले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इगलास रोड स्थित कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला बरी निवासी 55 वर्षीय कमलेश पत्नी रूपेश की मंगलवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इस महिला का मायका गांव पीरी थाना राया जिला मथुरा है। मृतका के मायके पक्ष के लोगों को किसी ने यह सूचना दे दी कि कमलेश की हत्या की गई है।
वहीं मायके पक्ष के लोगों के आने से पहले ही उसके शव को कमलेश के ससुराल के लोग अंतिम संस्कार के लिए ले गए और अंतिम संस्कार के लिए चिता पर रख दिया। मायके के लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी कि उनकी बहन की हत्या कर शव को जलाया जा रहा है। कुछ ही देर बाद श्मशान में पुलिस व मायके के लोग पहुंचे। यहां मायके व ससुराल पक्ष के लोगों में कहासुनी हो गई।
गुस्साए गांव पीरी के लोगों ने नगला बरी निवासी अपने रिश्तेदारों में उनकी बहन की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने उनकी नहीं सुनी तो चिता से शव के अवशेषों को लेकर मायके के लोग मैक्स से एसपी दफ्तर की ओर चलने लगे। इतने में पुलिस ने उन्हें मथुरा रोड हतीसा के निकट रोक लिया। इसके बाद हंगामा और बढ़ गया। दो थानों की पुलिस व सीओ सदर मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों को शांत किया और फिर शव के अवशेष को पुलिस ने पोस्टर्माटम गृह भेजा। संवाद
संदिग्ध हालात मेें 55 वर्षीय महिला की मौत हुई थी, जबकि मायके के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं। वह लोग जलती चिंता से शव के अवशेष लेकर जा रहे थे। अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
-गौरव सक्सेना, कोतवाली प्रभारी हाथरस गेट।