गरीब रथ एक्सप्रेस में महिला की मौत
बिहार के जनपद मुंगेर से इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहा था पति
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। गरीब रथ एक्सप्रेस में बिहार की महिला की मौत हो गई। उसका पति उसे इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहा था। मौत होने पर महिला के शव को हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रुकवा कर उतारा गया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में रखवाया गया है।
बिहार के जनपद मुंगेर के गांव मरधमन चक निवासी गुड्डू की पत्नी ममता के साथ कुछ लोगों ने पिछले दिनों मारपीट की थी। जिससे उसके सिर में चोट लग गई थी। उसी सिर की चोट का इलाज कराने के लिए गुड्डू अपनी पत्नी ममता को दिल्ली लेकर जा रहा था।
भागलपुर जंक्शन से मंगलवार की रात को गुड्डू पत्नी के साथ गरीब रथ एक्सप्रेस में सवार हुआ। इसी बीच टूंडला व हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन के बीच ममता की मौत हो गई। जिस पर गरीब रथ एक्सप्रेस को हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रुकवा कर शव को उतारा गया। एंबुलेंस से शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर उसका पोस्टमार्टम होगा।