हाथरस। नगर पालिका परिषद द्वारा इस साल 24वें वित्त आयोग के 27.25 करोड़ रुपये से शहर का विकास कराया जाएगा। पिछली बोर्ड की बैठक में सदन ने शहर के विकास के लिए इतनी बड़ी धनराशि मंजूर की है। शहर में इस धनराशि से इस साल गंदगी, जलभराव और पेयजल आपूर्ति के अलावा पथ प्रकाश की समस्याएं दूर की जाएंगी। निर्माण में भी धनराशि व्यय होगी।
इस बजट से शहर में गंदगी और जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जाएंगे। रात्रि में अंधकार को दूर करने के लिए पथ प्रकाश की भी व्यवस्था होगी। अगर पैसे का पूरी पारदर्शिता से इस्तेमाल हुआ तो शहर में बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं की सूरत ही बदल जाएगी।
आउटसोर्सिंग पर इलैक्ट्रीशियन और सहायक इलैक्ट्रीशियन रखे जाएंगे। सफाई कार्य के लिए ट्रैक्टर व टेंपो की भी खरीद होगी। पालिका के लिए फर्नीचर और सीसीटीवी कैमरों की खरीद की जाएगी। शहर के प्राचीन तालाब का सौंदर्यीकरण होगा। मधुगढ़ी रोड के अलावा शहर के गली-मोहल्लों में कई सड़कों और नालियों का भी निर्माण कराया जाएगा। बारात घर भी बनेगा। नगर पालिका प्रशासन यदि इतनी बड़ी धनराशि से ईमानदारी से शहर का विकास कराती है तो शहर की समस्याओं का कुछ हद तक समाधान हो जाएगा और जनता को भी काफी राहत मिलेगी।
तालाब पर मनोरंजन पार्क की योजना
इस प्रस्ताव की सबसे अहम बात है शहर के उस प्राचीन तालाब का सौंदर्यीकरण, जोकि वर्षों से शहवासियों को सिवाय प्रदूषण के कुछ नहीं दे रहा। हालांकि अब तक तालाब की सफाई के नाम पर करोड़ों का बजट ठिकाने लग चुका है, लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात ही रहा है। अब इस योजना से तालाब के भी दिन फिरने की उम्मीद जताई जा रही है। योजना में तालाब की सफाई कराने के बाद इसके बीचों-बीच वोटिंग की व्यवस्था होगी और चारों तरफ मनोरंजन पार्क विकसित किया जाएगा। योजना कब तक मूर्त रूप ले पाएगी, इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
पालिका बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास हो चुका है। जल्द ही चयनित जगहों पर योजना पर काम शुरू कराया जाएगा। समय से यह सभी काम पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता से पूरे कराए जाएंगे।
- डौली माहौर, चेयरमैन