न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
स्वच्छ भारत मिशन फेज दो के तहत जिले की 88 ग्राम पंचायतों में ओडीएफ प्लस के तहत ठोस एवं तरल कचरे के प्रबंधन को लेकर कार्ययोजना को 30 मई तक जिला स्तर से अपलोड किया जाएगा। इसे लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। तीन ग्राम पंचायतों ने अपनी कार्ययोजना को अपलोड कर दिया है। कार्ययोजना के अपलोड होने के बाद इन ग्राम पंचायतों को कार्य कराए जाने के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
शासन के निर्देश पर जिले की 88 ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज दो के तहत ओडीएफ प्लस के जरिए ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके के लिए पूर्व में मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकों, ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण दिया गया था। इन सभी को कई ग्रामों में स्थलीय दौरा कराकर प्रशिक्षण भी दिया गया था।
शासन के निर्देश पर इस कार्ययोजना को जिला स्तर पर पास कराकर 30 मई तक अपलोड करना होगा। प्रभारी जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) एके मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि तीन ग्राम पंचायतों ने कार्ययोजना को तैयार कर अपलोड कर दिया है। कार्ययोजना अपलोड होने के बाद शासन स्तर से बजट जारी किया जाएगा। संवाद