हाथरस के बागला जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी और उसकी पत्नी के विवाद के बाद जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस जिला अस्पताल में तैनात स्वास्थ्य कर्मी का विवाद पत्नी से चल रहा है। दोनों का मामला कोर्ट व परिवार परामर्श केंद्र में विचाराधीन है। आरोप है कि बुधवार की सुबह उसकी पत्नी ड्यूटी पर तैनात अपने स्वास्थ्य कर्मी पति के पास पहुंची और उससे अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। इसके बाद मौके पर काफी भीड़ लग गई। यहां पत्नी की मां आ गई। वह अपनी बेटी को समझा-बुझाकर अपने साथ ले गई।
कोतवाली हाथरस गेट के क्षेत्र के जिला अस्पताल परिसर में रहने वाले एक स्वास्थ्य कर्मी की शादी इसी वर्ष शहर की ही रहने वाली एक युवती के साथ हुई थी। स्वास्थ्य कर्मी की पत्नी का आरोप है कि पति के किसी दूसरी युवती के साथ संबंध हैं। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। अब दोनों का मामला कोर्ट में चल रहा है। परिवार परामर्श केंद्र में भी यह मामला चल रहा है।
बुधवार को स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर तैनात था। इस दौरान पत्नी आई और उसके साथ हाथापाई करने लगी। मौके पर काफी लोगों की भीड़ लग गई। पत्नी ने स्वास्थ्य कर्मी के साथ मारपीट कर दी। लोगों के समझाने के बाद भी पत्नी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। उसकी मां काफी देर तक समझाने के बाद उसे अपने साथ ले गई। इसके बाद यहां पर पुलिस आ गई। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली।