हाथरस: बिटिया के गांव में तैनात सीआरपीएफ के जवान।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिटिया के प्रकरण में आरोपियों के परिजनों का कहना है कि जब सीबीआई अभी तक मामले की जांच ही कर रही है तो वह बुधवार 25 नवंबर को हाईकोर्ट में क्या अपनी रिपोर्ट देगी। ऐसे में उन्हें इस रिपोर्ट को लेकर कोई खास उम्मीद नहीं है। परिजनों ने फिर दोहराया कि सीबीआई चाहे उनके बच्चों का कोई भी टेस्ट करा ले, उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस की बिटिया के प्रकरण में सीबीआई को 25 नवंबर बुधवार को अपनी जांच की स्टेटस रिपोर्ट हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में पेश करनी है। आरोपी रामू के पिता राकेश का कहना है कि जब सीबीआई अभी तक जांच कर रही है। उनके बच्चों की जांच करा रही है तो उन्हें उम्मीद नहीं है कि सीबीआई कोई खास प्रगति रिपोर्ट बुधवार को इस मामले में हाईकोर्ट में पेश कर पाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से ही पता चला है कि सीबीआई चारों आरोपियों को गांधीनगर (गुजरात) में पॉलीग्राफी और नार्को टेस्ट के लिए ले गई है। इस बारे में वैसे किसी ने उन्हें कोई जानकारी नहीं दी है। किस तरह की जांच हो रही है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उनका यह भी कहना है कि सीबीआई चाहे जो टेस्ट कराए, उन्हें इस पर किसी भी तरह की कोई आपत्ति नहीं है। वहीं नाबालिग बताए जा रहे आरोपी की मां का कहना है कि सवा दो महीने से उन्होंने अपने बेटे की शक्ल तक नहीं देखी। अपने बेटे से उनका कोई संपर्क नहीं हो सका है।