न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इस साल जनपद में गेहूं की खरीद पिछले साल की अपेक्षा ज्यादा हुई है। जिले में अब तक पांच लाख 29 क्विंटल गेहूं की खरीद हो गई है जो कि लक्ष्य के सापेक्ष 91 फीसदी है। इस बार जिले के छह हजार अधिक किसानों ने पंजीकरण कराया है। अधिकारी अब अन्य वेयर हाउस में गेहूं को भेजने के लिए मंथन भी कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने गेहूं खरीद के लिए इस बार अंतिम तिथि नियत नहीं की है। बीच में पंचायत चुनाव व कोरोना संक्रमण आ गया। इस कारण गेहूं खरीद की रफ्तार धीमी रही। अब खरीद के लिए फिर से पंजीकरण की वेबसाइट खोल दी है। अब तक करीब 13 हजार किसानों ने पांच लाख 29 हजार क्विंटल गेहूं बेचा है। जबकि पिछले साल जिले के केंद्रों पर पांच लाख 24 हजार क्विंटल गेहूं आया था।
अभी पांच हजार किसान गेहूं बेचने के लिए लाइन में लगे हुए हैं। डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार का कहना है कि इस साल अब तक पांच लाख 29 हजार कुंतल गेहूं की खरीद हो चुकी है। बोरों की कमी को ध्यान में रखते हुए अलीगढ़ व एटा से 150 बोरों की गांठ और मंगाई गई है। खरीद आगे भी जारी रहेगी।