हाथरस : बच्चे का वजन लेतीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग 24 जून तक जनपद के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर वजन सप्ताह का आयोजन कर रहा है। इसी के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों पर शून्य से पांच वर्ष के बच्चों का वजन लेकर कुपोषित व अतिकुपोषित की श्रेणी में चिन्हांकन किया जा रहा है और ड्राई राशन का वितरण किया जा रहा है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) राहुल वर्मा ने बताया कि वजन सप्ताह के समापन के बाद जिले में कुपोषण की रोकथाम के लिए विशेष अभियान संभव पोषण संवर्धन की ओर एक कदम का आयोजन एक जुलाई से होगा । उस दौरान वजन सप्ताह में चिन्हित किए गए बच्चों के लिए सामुदायिक गतिविधियां- साप्ताहिक गृह भ्रमण, स्वास्थ्य जांच, चिकित्सीय उपचार, पोषण पुनर्वास केंद्र अथवा चिकित्सा इकाई में संदर्भन आदि का कार्य किया जाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेनू रावत ने केंद्र दयानतपुर में ड्राई राशन वितरण के साथ-साथ शून्य से पांच वर्ष के बच्चों का वजन लेकर कुपोषित-अतिकुपोषित की श्रेणी में चिन्हित किया। बेटी सुहानी का वजन कराने आए राम कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र पर वजन लिया गया और राशन दिया गया। इसके साथ ही बच्चे के खान-पान से जुड़ी जानकारी दी गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रो पर 17 जून से 24 जून के मध्य वजन सप्ताह आयोजित किया जा रहा है।