न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बृहस्पतिवार की दोपहर बाद फिर शहर में तेज बारिश हुई। इससे शहर के कई इलाकों में फिर जलभराव हो गया। कुछ सरकारी कार्यालयों में पानी भर गया। देर शाम तक यह बारिश जारी थी और इससे सामान्य दिनचर्या भी प्रभावित हुई। हालांकि बारिश के चलते गर्मी से लोगों को राहत मिली।
पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। बृहस्पतिवार की दोपहर तक बारिश नहीं हुई, लेकिन बादल छाये रहे। दोपहर बाद तेज बारिश हुई। इस बारिश से फिर लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के चलते शहर के तरफरा रोड, जलेसर रोड, सीयल खेड़ा, नाई का नगला, बालापट्टी, किला गेट, श्रीनगर, चामड़ गेट, आवास-विकास कॉलोनी, स्टेट बैंक कॉलोनी, भट्टा वाली गली सहित कई इलाकों में फिर पानी भर गया।
जिन इलाकों में पहले से ही पानी भरा था, वहां जलभराव और ज्यादा हो गया। नाले-नालियाें का पानी फिर उफनकर सड़कों पर आ गया। बारिश के चलते शहर के सीएमओ ऑफिस, जिला अस्पताल परिसर, कोतवाली सदर सहित कई सरकारी दफ्तरों में भी पानी भर गया। देर शाम तक बारिश जारी थी और ट्रैफिक भी थमा रहा।