जल जीवन मिशन से दूर होगा पानी का ‘खारापन’
खारे पानी से त्रस्त 61 ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर होगा काम
2024 तक ग्रामीण क्षेत्र के हर घर को जोड़ा जाएगा पानी कनेक्शन से
संवाद न्यूज एजेंसी
हाथरस। जिले में लंबे समय से चली आ रही खारे की पानी की समस्या अब जल जीवन मिशन के जरिये दूर होगी। शासन की ओर से जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत के हर घर में पानी कनेक्शन दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जल निगम की ओर से ग्राम पंचायत वार कार्य योजना तैयार किए जाने के निर्देश अधीनस्थों को दिए गए हैं। प्रशासनिक स्वीकृति के बाद कार्य योजना को वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन की तर्ज पर जल जीवन मिशन चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य हर घर नल है। शासन की ओर से इस मिशन को अमलीजामा पहनाने के लिए जल निगम का नोडल बनाया गया है। जल निगम के अधिकारियों ने शासन के निर्देश मिलते ही इस मिशन पर काम शुरू कर दिया है। मिशन से जिले के 658 राजस्व ग्रामों को संतृप्त किया जाएगा।
जल निगम की ओर से इस मिशन को लेकर प्राथमिकता के आधार पर खारे पानी से त्रस्त गांवों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। यहां जिले में 61 गांव खारे पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। इन गांवों की कार्य योजना बनाने के लिए एक्सईएन जल निगम ने अधीनस्थों को निर्देश जारी कर दिए हैं। मिशन के जरिये सभी गांवों में पाइप लाइन और ओवरहैड टैंक का निर्माण किया जाएगा। घर-घर में पानी का कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों में पाइप लाइन बिछाई जाएंगी।
जल निगम के अधिकारी वर्ष वार प्लान तैयार करा रहे हैं, जिससे लक्ष्य के आधार पर कार्ययोजना को अमलीजामा पहनाया जा सके। कार्ययोजना के बनने से पहले प्रत्येक ग्राम पंचायत में खुली बैठक का आयोजन किया जाएगा। बैठक के जरिये ग्राम पंचायत से पानी की आवश्यकता संबंधी प्रमाण पत्र भी लिया जाएगा। ग्राम पंचायत की बनी कार्ययोजना को जिला स्तरीय कमेटी से प्रशासनिक स्वीकृति कराकर वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
जल जीवन मिशन के जरिये ग्रामीण क्षेत्र के हर घर को पानी के कनेक्शन से जोड़ा जाएगा। प्राथमिकता के आधार पर खारे पानी वाले गांवों की कार्य योजना तैयार कराई जा रही है।
-आरके शर्मा, एक्सईएन जल निगम