हाथरस: पत्रकार वार्ता करते बसपा के पूर्व विधानसभा क्षेत्र प्रभारी।
- फोटो : HATHRAS
मोटी रकम लेकर बनाया था हाथरस विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी
पूर्व प्रभारी ने बसपा सुप्रीमो पर लगाया आरोप, चेतावनी दी कि रुपये नहीं लौटाए तो कर लेंगे आत्मदाह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। बसपा के हाथरस विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रभारी मुहर सिंह ने बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्होंने बसपा सुप्रीमो को 25 लाख रुपये प्रभारी और प्रत्याशी बनने के लिए दिए थे, लेकिन अब उन्हें बिना किसी कारण के सूचित किए उनकी जगह किसी और को हाथरस विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बना दिया गया है। वह यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वह पिछले 12 वर्ष से बसपा में सक्रिय हैं। 2009 में भरतपुर लोकसभा का चुनाव बसपा से लड़ चुके हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती ने 2018 में उन्हें बसपा की ओर से हाथरस विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी/प्रत्याशी 2022 के चुनाव के लिए घोषित किया था। उन्होंने 25 लाख रुपये दिए थे। पिछले दो साल में वह 20 हजार रुपये प्रतिमाह मेंटेनेंस खर्च देते रहे हैं। बहन जी के जन्म दिन पर 10 लाख के अलावा पार्टी के प्रचार प्रसार में काफी रुपये खर्च कर चुके हैं।
अब तक वह 65 लाख रुपये खर्च कर चुके हैं। यह पैसा उन्होंने अपनी पेंशन और प्रापर्टी बेचकर बहन जी व पार्टी को दिया। अब उन्हें अकारण ही प्रभारी से हटा दिया गया। इससे वह काफी दुखी हैं। उन्होंने कहा है कि बसपा में कार्यकर्ताओं को पदों का लालच देकर पैसा वसूला जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मायावती बीएसपी के नाम पर पैसा वसूल कर अपने निजी स्वार्थ के लिए जाटव समाज का शोषण कर रही हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि जो पैसा पार्टी को दिया है, वह नहीं मिला तो पार्टी कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लेंगे।