न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हसायन के बस्ताई के गांव के निकट नहर में मिली देसी शराब के सैंपल की रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है। रिपोर्ट जल्दी भेजे जाने को लेकर जिला प्रशासन ने संबंधित लैब को रिमाइंडर भेजा है जिससे कि जल्द से जल्द उक्त शराब के क्वार्टर की रिपोर्ट प्राप्त हो सके।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों अलीगढ़ में जहरीली शराब से सौ से ज्यादा लोगों की मौतें हुईं थीं। इस दौरान अलीगढ़ क्षेत्र से गुजरने वाली हजारा नहर के सुमैरा झील के पास शराब माफिया ने जहरीली शराब के क्वार्टरों की एक खेप खपाई थी। इस खेप में से दो बोरे शराब के क्वार्टर यहां कोतवाली हसायन क्षेत्र के बस्ताई निकट वाली नहर में बहकर आए थे।
पुलिस ने उक्त शराब के क्वार्टरों के सैंपल लिए थे। इन सैंपलों को जांच के लिए लैब भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है। अब इसके लिए पुलिस प्रशासन ने संबंधित लैब को रिमाइंडर भेजा है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि संबंधित लैब को जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए रिमाइंडर भेजा गया है। जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट प्राप्त हो सकेगी।