न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र के गांव महामौनी के रहने वाले कुख्यात बदमाश बर्खास्त सिपाही विनोद जाट मुरसान थाने से जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा है। बताया जाता है कि राज कुमार पुत्र पूरन सिंह निवासी गंगा धाम कॉलोनी गांधी पार्क अलीगढ़ ने महामौनी गांव के रहने वाले विनोद जाट पर आरोप लगाया था कि 30 जनवरी को वह अपनी एक रिश्तेदारी में मुरसान के गांव सुखा जा रहा था।
गांव कोटा के निकट में विनोद जाट व उसके साथी संतोष व नेहने ने उसे मारापीटा व जानलेवा हमला किया, जिसका मुकदमा धारा 323 व 307 में मुरसान कोतवाली में दर्ज कराया गया था। अब स्थानीय पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिल गई है। ऐसे में पुलिस इस केस में उसका बी वारंट लेगी।
50 हजार के इनामी विनोद जाट ने आगरा में सरेंडर किया है। उस पर अपने जिले में छह मुकदमे दर्ज हैं। हाथरस की टॉप 10 क्रिमिनल सूची में विनोद जाट का नाम शामिल था। इसे लेकर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगी हुई थी।
-प्रकाश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक।