मोती गढ़ी गांव में बैठक कर ग्रामीणों मतदान बहिष्कार निर्णय लेते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
पंचायत उपचुनाव के बीच क्षेत्र के कई गांवों में चुनाव बहिष्कार की गूंज सुनाई पड़ रही है। विकास कार्य न होने और शिकायतों का निस्तारण न होने से नाराज तीन गांवों के ग्रामीणों ने गांव मोती गढ़ी में बैठक कर तय किया कि यदि उनकी सुनवाई नहीं की गई तो वह जिला पंचायत सदस्य के उपचुनाव के मतदान में हिस्सा नहीं लेंगे।
कुरसंडा क्षेत्र के कई गांव में निर्वाचन मशीनरी को मतदान बहिष्कार का सामना करना पड़ सकता है। विकास कार्य, शिकायत निस्तारित न होने से ग्रामीणों का गुस्सा देख लगता है कि ग्रामीण मतदान का बहिष्कार कर सकते हैं। गुड्डू चौधरी के विधायक चुने जाने के बाद खाली हुए वार्ड 16 में उप चुनाव की घोषणा की गई है।
चार अगस्त को यहां मतदान होना है। निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बीच कुरसंडा क्षेत्र के कई गांव से मतदान बहिष्कार की आहट है। मोती गढ़ी में बैठक का आयोजन कर ग्रामीणों ने यह निर्णय लिया कि अगर उनकी सुनवाई नहीं हुई तो जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदान नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि मोती गढ़ी, नगला पदम, नगला नहर आदि गांव के ग्रामीण समस्याओं से जूझ रहे हैं। कुछ लोगों ने मरघट और चकरोड को कब्जा कर खेत में मिला लिया है। कहीं ग्रामीणों के निकलने के लिए रास्ता नहीं है। बारिश के समय पानी भर जाता है। चुनाव के समय राजनेताओं को आना-जाना तो रहता है, लेकिन ग्रामीणों की समस्या सुनने के लिए उनके पास समय नहीं है।