हाथरस : पुलिस अभिरक्षा में खड़ा अवैध तमंचे से फायर करने का आरोपी। संवाद
- फोटो : SASNI
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
क्षेत्र के गांव गोहाना में अलीगढ़ निवासी दो युवक मंगलवार की देर रात को तमंचा लेकर घूम रहे थे। ग्रामीणों ने जब इनको टोका तो इनमें से एक ने ग्रामीणों पर फायर कर दिया, जिससे एक ग्रामीण घायल हो गया। ग्रामीणों ने घेराबंदी करके फायरिंग करने वाले एक युवक को तमंचा सहित पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को पुलिस को सौंप दिया।
घटना में घायल ग्रामीण का पुलिस ने सीएचसी में उपचार कराया है। घटना की तहरीर गोहाना निवासी अजय शर्मा पुत्र बनवारीलाल ने थाने में दी है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव का कहना है कि घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए आरोपी धीरज पुत्र भू प्रकाश सिंह निवासी लौहसरा थाना लोधा जिला अलीगढ़ को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। उसके दूसरे साथी की तलाश की जा रही है। संवाद