वीडियो कैमरे की निगरानी में होंगे यूपी बोर्ड के प्रैक्टिकल
शासन से आए निर्देश के बाद डीआईओएस ने जारी किया आदेश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा वीडियो कैमरे की निगरानी में होगी। शासन के फरमान के बाद डीआईओएस ने पत्र जारी कर कॉलेज संचालकों को सभी प्रयोगात्मक परीक्षाओं को सीसीटीवी, वीडियो और मोबाइल फोन के कैमरों की निगरानी में कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा द्वितीय चरण में होगी, जिसके लिए बोर्ड ने 30 दिसंबर 2019 से 13 जनवरी 2020 तक की तिथि दी है। परीक्षकों के नाम भी कॉलेजों में पहुंच चुके हैं।
सभी प्रयोगात्मक परीक्षाओं को कैमरे की निगरानी में ही कराने के निर्देश दिए गए हैं। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा के आंतरिक मूल्यांकन के अंक ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश डीआईओएस सुनील कुमार द्वारा दिए गए हैं।