न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव रुहेरी में ई-रिक्शा में कबाड़ा न ले जाने पर नामजदों ने युवक व उसके भतीजे के साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव में आई युवक की भाभी के साथ भी मारपीट का आरोप है। शिकायत पर पुलिस ने घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया।
अलीगढ़ रोड स्थित गांव रुहेरी निवासी अजय कुमार पुत्र ओमप्रकाश ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। वह शहर से ई-रिक्शा लेकर अपने गांव पहुंचा तो गांव के नामजदों ने ई-रिक्शा से कबाड़ा ले जाने की बात कही। जिस पर अजय ने कबाड़ा ले जाने से इनकार कर दिया। इससे गुस्साए आरोपी गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने लगे। यहां पर उसे बचाने आए भतीजे नानू और भाभी सुधा के साथ भी नामजदों ने मारपीट की। मामले की शिकायत लेकर अजय पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। संवाद