न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्ति विभाग की ओर से जिले के 13 पेट्रोल पंपों को अधिगृहीत कर लिया गया है। इन सभी पेट्रोल पंप संचालकों को दो हजार लीटर डीजल, एक हजार लीटर पेट्रोल पंप रिजर्व करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से विधानसभा निर्वाचन को लेकर कमर कस ली गई है। निर्वाचन की व्यवस्थाओं का खाका खींचा जा रहा है। सभी विभाग अपनी तरफ से संबंधित तैयारियों को दुरुस्त करने में जुटे हैं। इस क्रम में पूर्ति विभाग की ओर से छोट व बड़े वाहनों के लिए डीजल व पेट्रोल को रिजर्व में रखने को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं।
डीएसओ एसपी शाक्य ने चुनाव को लेकर जिले की 13 पेट्रोल पंपों को अधिगृहीत किए जाने के आदेश जारी कर दिए हैं। इन सभी पेट्रोल संचालकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी पेट्रोल पंप संचालक दो हजार लीटर डीजल व एक हजार लीटर पेट्रोल का स्टॉक रिजर्व में रखेंगे। निर्वाचन के दौरान आवश्यकता पड़ने पर किसी भी प्रकार की वाहनों के आवागमन में कोई परेशानी न आ सके। उन्होंने कहा है कि आदेश की अवहेलना पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद